उत्तरप्रदेश
सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत लेकर थाने गयी महिला का दरोगा ने किया शारीरिक शोषण

लखनऊ/ बरेली : यूपी के शाहजहांपुर में गुरुवार को एक कथित सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने एक पुलिस दारोगा पर ही दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि जब वह अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन आई थी, तब उसके साथ दारोगा ने यह सब हुआ। पीड़िता की शिकायत के बाद अपर पुलिस महानिदेशक बरेली अविनाश चंद्र ने उक्त दारोगा के खिलाफ जांच का आदेश दिया है।
शाहजहाँपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने बताया कि वह बीती 30 नवंबर को जब पैदल मदनपुर जा रही थी। तभी एक कार में 5 आदमी आए और उसे जबरन कार में खींच ले गए। इसके बाद पास के ही एक खेत में ले जाकर पांचों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया। वारदात के बाद से वह काफी घबरायी हुई थी। किसी तरह उसने हिम्मत कर मामले की शिकायत लिखवाने जलालाबाद पुलिस स्टेशन गयी थी। लेकिन पुलिस स्टेशन में मौजूद एक दारोगा उसे अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उक्त महिला ने एडीजी बरेली अविनाश चंद्र से मुलाकात की। महिला की शिकायत पर दारोगा के खिलाफ जांच का आदेश दिया गया है।पुलिस क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपाल सिंह का कहना है कि वह खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं और आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।