सूटकेस में 1 करोड़ भरकर कोर्ट पहुंच गए थे जेठमलानी, कहा- जज साहब गिनवा लें

Bhaskar News Agency

Sep 09, 2019

नई दिल्ली-  वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी का रविवार को 95 साल की उम्र में निधन हो गया। वे दो हफ्ते से गंभीर रूप से बीमार थे। वाजपेयी सरकार में वे कानून व शहरी विकास मंत्री रहे। वर्तमान में बिहार से राजद के राज्यसभा सांसद थे। देश के सभी हाईकोर्ट में केस लड़ने वाले राम जेठमलानी को महज 17 साल की उम्र में वकालत की डिग्री मिल गई थी। उनके नाम देश में सबसे कम उम्र और सबसे अधिक उम्र के वकील होने का रिकॉर्ड रहा।

वे 77 साल इस पेशे में रहे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद पूरे देश में कोई भी वकील आरोपियों सतवंत सिंह और केहर सिंह के लिए पैरवी करने को तैयार नहीं था, तब जेठमलानी ने इस केस को अपने हाथ में लिया था। वे आजाद भारत के सबसे महंगे वकीलों में से एक थे। उनकी फीस एक करोड़ रुपए तक हो गई थी।