Bhaskar News Agency
Nov 06, 2019
सीतापुर (विमलेश मिश्रा) जिले में गुरुवार शाम मछली मण्डी में युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया और गोली मार दी गई। भगदड़ के बीच कई लोग चोटिल भी हुए। दहशत फैलाने वालों पर हवाई फायरिंग का भी आरोप है। दो गोली लगने से घायल युवक की इलाज से पहले ही मौत हो गई। शहर कोतवाल ने घटना का कारण पैसे का लेनदेन बताया है।
बताते हैं कि कोतवाली नगर क्षेत्र का मोहल्ला चौबे टोला निवासी गोलू मिश्रा अपने चचेरे भाई ईशू मिश्रा के साथ गुरुवार शाम बाजार आया था। ईशू की मानें तो शाम करीब चार बजे वे लोग मछली मण्डी पहुंचे। यहां मछली खरीद ही रहे थे कि इसी दौरान पुराना शहर वासी विपक्षी एहसान और उसके साथी आ गए। इन लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी। इस बात का विरोध जब गोलू ने किया तो सभी हमलावर हो गए। भरी मण्डी में असलहे के बल पर गोलू मिश्रा को दौड़ा दौड़ा कर पीटा गया और दो गोलियां गोलू मिश्रा पुत्र देवेश मिश्रा के सीने में दाग दी गई। पीड़ित पक्ष ने हवाई फायरिंग का भी आरोप लगाया है।
परिवार के लोगों का कहना है कि दबंगों द्वारा फैलाई गई दहशत के बीच बाजार में खरीदारी कर रहे लोग भगदड़ के दौरान चोटिल भी हुए हैं। वारदात के दौरान हुई मारपीट में ईशू को भी चोट आई है। अफरातफरी के बीच जिला अस्पताल लाए गए घायल 22 वर्षीय गोलू मिश्रा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाल अंबर सिंह का कहना है कि गोलू मिश्रा का पैसे का विवाद कोहना चौकी क्षेत्र निवासी एहसान से चल रहा था। मछली मण्डी में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। जिसमें गोली चलने से गोलू की मौत हो गई। एहसान के साथ कुछ और लोग भी वारदात में शामिल थे। सभी की तलाश की जा रही है।