शिवराज ने कांग्रेस से पूछा- स्थिति स्पष्ट करें, प्रदेश में कौन चला रहा सरकार

Bhaskar News Agency

Sep 02, 2019

भोपाल- वन मंत्री उमंग सिंघार के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने पूछा है कि प्रदेश में सरकार कौन चला रहा है और प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन है। वहीं, दूसरी तरफ सोमवार को भोपाल लौटे मुख्यमंत्री कमलनाथ से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि सरकार कौन चला रहा है। मुझे इसमें और कुछ कहने की जरूरत नहीं है।  सोमवार दोपहर वनमंत्री उमंग सिंघार ने इस संबंध में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भी लिखा है। पत्र में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र एवं प्रदेश सरकार में मंत्री जयवर्धन सिंह की भी शिकायत की है।

दरअसल, वन मंत्री उमंग सिंघार ने रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता के मंत्रियों के चिट्‌ठी लिखने पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था- दिग्विजय सिंह को मंत्रियों को चिट्ठी लिखने की क्या जरूरत है। जब पर्दे के पीछे से वही सरकार चला रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि मंत्रियों को पत्र लिखने से साफ है कि सरकार में सब ठीक नहीं चल रहा है। ये जनता भी जानती है और सरकार के मंत्री और विधायक भी जानते हैं कि सरकार कौन चला रहा है।