Dainik Bhaskar
Sep 02, 2019
रायपुर- छत्तीसगढ़ की राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र उरला में एक हादसा हो गया। यहां वेंकटेश्वर इस्पात नाम की रोलिंग मिल में आगजनी की वजह से तीन कर्मचारी घायल हो गए। सुबह काम के दौरान यहां के विद्युत विभाग में जोरदार धमाका हुआ। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को एक प्रायवेट बर्न सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की वजह का पता लगाने उरला पुलिस छानबीन कर रही है।
धमाके की आवाज सुन भागे कर्मचारी
- वेंकटेश्वर इस्पात फैक्ट्री में सुबह करीब 9 बजे अचानक पैनल में जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। पास के दूसरे प्लांट में भी कर्मचारी घबराकर बाहर आ गए। अफरा तफरी के माहौल में तीन इलेक्ट्रीशियन भगवती प्रसाद, जयनारायण पांडे और राजेंद्र चौहान गंभीर रूप से झुलस गए। कर्मचारियों के कपड़े, बाल और त्वचा जल चुकी है।