Bhaskar News Agency
Oct 02, 2019
दिल्ली (प्रियेश अग्निहोत्री 4658) महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पदयात्रा करेंगी। सोनिया पार्टी नेताओं के साथ कांग्रेस के दिल्ली ऑफ़िस से राजघाट जाएंगी और बापू को उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि देंगी। राजघाट में सोनिया पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शपथ भी दिलाएंगी।
गांधी जयंती के मौक़े पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी सक्रिय दिख सकते हैं। कांग्रेस सूत्रों के हवाले से ख़बर है कि राहुल आज महाराष्ट्र के वर्धा में पदयात्रा कर सकते हैं। आज राहुल गांधी महाराष्ट्र में कांग्रेस के प्रचार अभियान का भी आग़ाज़ कर सकते हैं। इसके अलावा प्रियंका गांधी भी लखनऊ में एक पदयात्रा में शामिल होंगी।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे अहमदाबाद के साबरमती आश्रम जाएंगे। सबसे पहले प्रधानमंत्री बीजेपी शहर इकाई के कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां पार्टी कार्यकर्ता उन्हें सम्मानित करेंगे।
पार्टी के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी साबरमती आश्रम में बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद साबरमती रिवरफ़्रंट में 20 हज़ार ग्राम प्रधानों की मौजूदगी में देश को खुले में शौच से मुक्त घोषित करेंगे। इस कार्यक्रम में गांधी की विचारधारा वाले संस्थानों, हाइकोर्ट के जजों, पद्म पुरस्कार से सम्मानित लोगों, शिक्षा से जुड़े लोगों और छात्रों को भी बुलाया गया है।