भूमि पर कब्जा करने को धार्मिक स्थल ध्वस्त करने का भाजपा विधायक पर आरोप

Bhaskar News Agency

Oct 28, 2019

फर्रुखाबाद/शमसाबाद (के.पी सिंह)शमसाबाद थाना क्षेत्र के ढाई घाट रोड पर एक धार्मिक स्थल को ध्वस्त कराकर उसकी प्रतिमाएं दूसरे स्थान पर रखा दी गईं। इसमें एक प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। धार्मिक स्थल पर रहने वाले साधुओं ने एक भाजपा विधायक पर भूमि कब्जाने को धार्मिक स्थल ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री व डीआईजी से शिकायत की है। इस पर रविवार को पुलिस ने मौके पर पहुंच कर साधुओं से पूछताछ की। इस दौरान एक किसान ने भी अपनी पांच बिस्वा जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।
ढाई घाट गंगा तट के पास जनपद एटा के कस्बा जैथरा निवासी साधु मखसूदन कई वर्षों से अपने शिष्य निहाल दास के साथ रह रहे थे। वहां उन्होंने पहले झोपड़ी डाली और बाद में एक धार्मिक स्थल का निर्माण करीब पांच वर्ष पूर्व कराया था। उसमें कुछ प्रतिमाएं स्थापित की थीं। शुक्रवार को भाजपा के एक विधायक अपने कारिंदों के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे। वहां बनी साधु की झोपड़ी व धार्मिक स्थल को उन्होंने जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। साधुओं से कहा कि यहां जमीन पर उन्होंने बैनामा कराई है। वह वहां पर पेट्रोल पंप का निर्माण कराएंगे। इसके पास ही धार्मिक स्थल का निर्माण करा देंगे। धार्मिक स्थल पर लगी प्रतिमाएं हटाने के दौरान एक प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। साधुओं ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री व डीआईजी को पत्र भेजकर की है। इस पर शनिवार को थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की। इस दौरान समैचीपुर निवासी श्रीपाल ने भी आरोप लगाया कि उसकी भी पांच बिस्वा जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। पास में ही रहे साधु दिगंबर राजेंद्रपुरी, गणेशपुरी व भवानीदास ने कहा कि उन्हें भी अब डर सता रहा है कि कहीं उनके आश्रम पर भी इसी तरह कब्जा न कर लिया जाए। जिन साधुओं की झोपड़ी तोड़ी गई, वह डर की वजह से वहां से चले गए हैं। शमसाबाद थानाध्यक्ष जेएल सोनकर ने बताया कि पड़ी हुई भूमि पर साधुओं ने प्रतिमाएं रख ली थीं। धार्मिक स्थल नहीं बनवाया है। विधायक ने उस भूमि का बैनामा कराया है। इससे वहां मूर्ति हटाकर दूसरी जगह रखवा दी गई हैं। वहां पर कोई धार्मिक स्थल नहीं था तो तोड़ने का सवाल ही नहीं। मामले की जानकारी एसडीएम को दी गई है। संबंधित विधायक का पक्ष जानने के लिए कई बार उन्हें फोन किया गया और व्हाट्सएप पर मैसेज किया। इसके बाद उनका कोई जवाब नहीं आया।
जिन भाजपा विधायक पर भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। वह विधायक कायमगंज के एक सपा नेता के साथ ढाई घाट पर भूमि पर कब्जा करने पहुंचे थे। उन सपा नेता की पार्टी की सरकार जब प्रदेश में थी तो वह काफी चर्चा में रहते थे। विवादित भूमि पर कब्जे करने का उन सपा नेता को पुराना अनुभव है। सरकारी राशन का भी वह खासा कारोबार करते हैं। इसके चलते ही भाजपा विधायक ने भूमि पर कब्जा करने में सपा नेता की मदद ली।