Bhaskar News Agency
Dec 08,2019
हरदोई(लक्ष्मीकान्त पाठक) समाजवादी पार्टी छात्रसभा के नि0 राष्ट्रीय सचिव मुकुल सिंह ने कहा कि उन्नाव की रेप पीड़िता को हम बचा नहीं पाए, यह दुःख की बात है। हम बेटी को न्याय नहीं दिला पाए। राज्य व देश की सरकार बहू-बेटियों की जान की सुरक्षा तथा सम्मानपूर्वक जीने की गारंटी देने में पूर्णतया विफल है। हर रोज राज्य के किसी न किसी जनपद में बच्चियों-छात्राओं की हत्या, बलात्कार की घटनाएं घटित हो जाती है। जबसे राज्य में भाजपा की सरकार बनी है कानून व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त हैं। देश में प्रदेश की बदनामी हो गई है। यह राज्य हत्या प्रदेश बनकर रह गया है।
जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से हजारों लोग फर्जी मुठभेड़ में मारे गए हैं। शिक्षक, व्यापारी, बेरोजगार, नौजवान, किसान, गरीब सबका जीवन संकट में है। हजारों शिक्षामित्र आत्महत्या कर चुके हैं। प्रदेश सरकार जनता के लिए भार बन गई है।
सपा नेता मुकुल सिंह ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 तथा 1090 वूमेन पावर लाइन की व्यवस्था की थी लेकिन उसे भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।
सपा यूथ ब्रिगेड के नि0 जिलाध्यक्ष रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि लोकभवन और राज्य पुलिस मुख्यालय से अपराधों पर नियंत्रण के बजाय अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। पीड़ितों के साथ अन्याय किया जा रहा है। लोकभवन और पुलिस मुख्यालय से न्याय नहीं मिल सकता है। भाजपा ने प्रदेश का विनाश कर दिया है। रोजगार नहीं है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है। भाजपा समाज में खाई पैदा करना चाहती है। भाजपा जनता को भ्रमित कर रही है। भाजपा का भ्रम फैलाने वाला एजेण्डा कामयाब नहीं होगा। विकास का रास्ता वही है जो समाजवादी पार्टी ने अपनाया था। भाजपा ने कोई काम नहीं किया। यह लोकतंत्र के साथ धोखा है।