Bhaskar News Agency
Sep 02, 2019
रायपुर- छत्तीसगढ़ की राजधानी के चंगोराभाठा इलाके से एक युवक का अपहरण कर लिया गया। भाटापारा ले जाकर उसे बुरी तरह से पीटा गया। हालांकि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में युवक अपरहणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया गया। छानबीन में पता चला कि पूरा मामला प्रेम प्रसंग का है। मामले में शहर की डीडी नगर पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
युवती भागकर आई प्रेमी के पास
- 19 साल का देवगन ध्रुव उर्फ प्रिंस नगर निगम में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी है। मुहल्ले में ही रहने वाली युवती के साथ दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को मिली। नाराज परिजनों ने तुरंत युवती को भाटापारा रिश्तेदारों के पास भेज दिया। युवती वहां से भागकर शुक्रवार को रायपुर आ गई। वह युवक से मिलने गई थी। दूसरी तरफ युवती की तलाश करते हुए भाटापारा से उसके फूफा, जीजा, भाई और अन्य रिश्तेदार चंगोराभाठा पहुंचे।
- युवती प्रिंस के साथ यहीं मिल गई। यह देख परिजन भड़क गए। प्रिंस की वहीं पिटाई शुरू कर दी। दोनों को लेकर परिजन भाटापारा चले गए। यहां प्रिंस को कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की गई। इस बीच प्रिंस के दोस्त ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की टीम तुरंत भाटापारा के लिए रवाना हुई।