प्रदेश भाजपा शुरू करेगी अभियान, घर-घर रघुवर

Bhaskar News Agency

Sep 01, 2019

रांची- प्रदेश भाजपा 9 सितंबर से पूरे राज्य में एक अभियान शुरू करेगी, जिसका नाम होगा घर-घर रघुवर। झारखंड में आदर्श आचार संहिता लागू होने तक अभियान जारी रहेगा। इसके तहत राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सभी घरों तक पहुंचाया जाएगा। रविवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तय हुए कार्यक्रमों की जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने प्रेसवार्ता में दी।

अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता हर घरों में संपर्क करेंगे
लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि घर-घर रघुवर अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता हर घरों में संपर्क कर उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना आदि से हुए लाभ के बारे में लाेगों को बताएंगे। साथ ही उपयुक्त परिवारों को इन योजनाओं से लाभान्वित भी कराएंगे। उन्होंने कहा कि 65 प्लस लक्ष्य पाने के लिए 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पूरे राज्य में पार्टी जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी। इसके माध्यम से पार्टी पदाधिकारी, सांसद-विधायक आदि पूरे प्रदेश में जनसंपर्क कर फिर से भाजपा को वोट देने का आग्रह करेगी।