दो दिन में 5 डिग्री लुढ़का पारा, ठंड बढ़ी

Bhaskar News Agency

Nov 03, 2019

सीतापुर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और तेज पछुआ हवा ने ठंड बढ़ा दी है। सोमवार को गुनगुनी धूप पर तेज सर्द हवा भारी पड़ी। धूप खिलने के बाद भी ठंडी हवा ने दिनभर लोगों की कंपकंपी छुड़ाई। लोग दिन में भी गर्म कपड़े पहने रहे। सर्द हवा से न्यूनतम पारे में 48 घंटों में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम पारा नौ डिग्री सेल्सियस रहा।
सूरज ढलते ही ठंड बढ़ने से लोग अलाव के आसपास नजर आए। मंगलवार को पारा गिरने से गलन और बढ़ेगी। मौसम का मिजाज सोमवार सुबह से बदला-बदला रहा। भोर पहर हल्के कोहरे के बीच बफीर्ली हवा सितम ढाती रहीं। कोहरा जल्दी छंटने से सूरज ने दर्शन देकर चमक बिखेर दी।
दिन में आठ किमी. प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाली सर्द हवा ने धूप पर कब्जा जमा लिया। इससे धूप बेअसर रही। ठंडी हवा ने दिनभर लोगों को परेशान किया।
पारा और गिरने के आसार
धूप खिलने के बाद भी लोग दोपहर में गर्म कपड़ों का बोझ लादे नजर आए। मौसम साफ रहने का असर बाजार में दिखा। दोपहर को बाजार में अच्छी-खासी रौनक रही।
सूरज ढलते ही ठंड फिर बढ़ गई। सर्दी का सितम देख लोग घरों में दुबक गए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को पारा गिरने से ठंड में इजाफे के आसार हैं।
इस तरह लुढ़का पारा
तारीख अधिकतम न्यूनतम
29 नवंबर 25 15
30 नवंबर 24 14
1 दिसंबर 23 11
2 दिसंबर 23 09