Bhaskar News Agency
Nov 17, 2019
सुल्तानपुर (अश्वनी कुमार सिंह) मोतिगरपुर रोटावेटर की चपेट में आने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में मचा कोहराम। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिये भेजा।
थाना क्षेत्र के मुड़हा गांव निवासी हरिश्चंद्र सोनी गांव के ही एक व्यक्ति का खेत बटाई पर लेकर उसकी जुताई करवा रहे थे। हरिश्चंद्र का 13 वर्षीय बेटा विपिन सोनी दिन में करीब 3 बजे खेत में खाना लेकर गया था। इसी दौरान वह ट्रैक्टर पर बैठ गया। खेत की जुताई के लिए जैसे ही चालक ने ट्रैक्टर को पीछे किया। झटके की वजह से किशोर नीचे गिर कर रोटावेटर में फंस गया। रोटावेटर की चपेट में आने से किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की माता शिखा देवी ने पुलिस को लिखित रूप से मामले से अवगत करवाया है। मृतक की तीन बहनों में बड़ी बहन नमता सोनी (25 वर्ष विवाहित), निगिता (18वर्ष), विनीता (15 वर्ष) व छोटा भाई नितिन सोनी (8वर्ष) है। वहीं अकेले कमाने वाले पिता दिल्ली में दैनिक मजदूरी का कार्य करते हैं।