Bhaskar News Agency
Nov 08, 2019
जलालाबाद /ब्लॉक (ताहिर) गांव इनायतपुर में डेंगू पीड़ित शिक्षिका की कन्नौज के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उधर, गुरसहायगंज के सरायप्रयाग में छह और डेंगू मरीज मिले हैं। जबकि जिला अस्पताल में तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अभी तक जिले में कुल 69 लोग डेंगू से पीड़ित मिल चुके हैं, इनमें छह की मौत भी हुई है।
नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी निमिषा (30) पत्नी दिलीप कुमार बहराइच जिले के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थीं। दिवाली पर वह अपनी ससुराल (गांव) इनायतपुर आई थीं। तभी से उसकी तबियत खराब चल रही थी। परिजन उसका उपचार कस्बे में ही कराते रहे लेकिन कोई आराम नहीं मिला। को परिजन उन्हें कानपुर के निजी चिकित्सालय में ले गए, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
जैसे ही उसकी मौत की खबर पति दिलीप कुमार व ससुर राम कुमार पाल को मिली, वह बेहोश होकर वहीं गिर गए, जिसके बाद उनको भी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उसके मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि निमिषा के एक पुत्री कनिष्का (3) व एक पुत्र हर्षवर्धन (5) है। शिक्षिका के ससुर रामकुमार पाल सलेमपुर गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं और कुतुबपुर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हैं।