ठेंगे पर शासनादेश , लोहिया अस्पताल में जल रहा कूड़ा

Bhaskar News Agency

Dec 10, 2019

फर्रुखाबाद (के.पी सिंह) बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए शासन से कूड़ा जलाने व खेतों में पुआल में आग लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया। प्रशासन भी इसका अनुपालन सख्ती से करने में जुटा है। इसके बावजूद लोहिया अस्पताल परिसर में मंगलवार को बेधड़क कूड़ा व जैविक कचरा जलता दिखा। इस पर किसी भी जिम्मेदार ने निगाह तक नहीं डाली। दूषित धुएं से आसपास के लोग परेशान रहे। लोहिया अस्पताल परिसर में सफाई कर्मियों द्वारा झाड़ू लगाने के बाद कूड़ा व जैविक कचरा महिला अस्पताल के निकट आवासों के पास लगाया जाता है। मंगलवार सुबह काफी मात्रा में एकत्र कूड़े में आग लगा दी गई। इससे कूड़े से उठने वाला धुआं आवासों से लेकर अस्पताल तक पहुंच रहा था। उसमें उठने वाली बदबू से लोग परेशान थे।
हालांकि आसपास न कोई सफाई कर्मी मौजूद था और न ही कोई जिम्मेदार। अस्पताल के विद्युत उपकेंद्र के बाहर खड़े कुछ स्वास्थ्य कर्मी कूड़ा जलता देख आपस में ही बातचीत करते रहे थे। फिलहाल शासनादेश की अनदेखी व प्रशासन से बेखौफ होकर अस्पताल परिसर में कूड़ा जलाया जा रहा है। सीएमएस डा. अशोक कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर में कूड़ा जलाया जाना गलत है। वह इसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।