Bhaskar News Agency
Nov 06, 2019
- 27 नवंबर को हैदराबाद की वेटरनरी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म किया गया था, अगले दिन उसका जला हुआ शव मिला
- साइबराबाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
- पुलिस शुक्रवार सुबह घटना को रीक्रिएट करने के लिए आरोपियों को हैदराबाद से 50 किमी. दूर शादनगर ले गई
- यहां आरोपियों ने पुलिस से हथियार छुड़ा कर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में चारों आरोपी मारे गए
- पीड़िता के पिता ने कहा- अगर अपराधी भाग जाते, तो पुलिस पर सवाल उठता कि उन्होंने आरोपियों को कैसे भागने दिया
हैदराबाद- तेलंगाना दुष्कर्म के चारों आरोपियों का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। शमशाबाद के डीसीपी प्रकाश रेड्डी के मुताबिक, पुलिस आरोपियों को लेकर उस अंडरब्रिज पर पहुंची थी, जहां उन्होंने डॉक्टर को कैरोसिन डालकर जलाया था। पूछताछ और घटना को रीक्रिएट करने के दौरान आरोपी पुलिस के हथियार छुड़ा कर भागने लगे। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें चारों आरोपी मारे गए। साइबराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनर ने बताया कि चारों आरोपी शुक्रवार तड़के 3 से 6 बजे के बीच शादनगर स्थित चतनपल्ली में एनकाउंटर में मारे गए। एक वरिष्ठ पुलिस अफसर ने कहा कि घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।