Bhaskar News Agency
Nov 10, 2019
हरदोई(लक्ष्मीकान्त पाठक) शिव सत्संग मंडल के आद्य परमाध्यक्ष संत श्रीपाल ने कहा कि गुरु नानकदेव ने मानवता की भलाई के लिए संगत पंगत का सिद्धांत दिया।
ग्राम अहमद नगर के प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में आयोजित वार्षिक धर्मोत्सव में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए संत प्रवर ने कहा कि पूरी दुनिया गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व को श्रद्धा के साथ मना रही है।
गुरु नानक ने लोगों को ईश्वर के एक होने का संदेश दिया। उनका कहना था कि ईश्वर सब जगह मौजूद है। वह हमारा पिता है इसलिए सबको प्रेम के साथ रहना चाहिए।उन्होंने कहा कि शिव के तत्त्व ज्ञान से जीवन में श्रेष्ठता आती है।इस दौर में आत्मचिंतन से ही श्रेष्ठ मूल्यों को जीवन में उतारने का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।शिव सत्संग मण्डल के आध्यात्मिक ज्ञान और ध्यान की विधि ही परमात्मा को प्राप्त करने का सहज मार्ग है।
मंडलाध्यक्ष आचार्य अशोक ने कहा कि आज्ञा चक्र पर ध्यान लगाना ही ,परमात्म प्राप्ति का एकमात्र साधन है।हमारे धार्मिक सिद्धांतों का आधार वेद हैं।जो हमें सन्मार्ग दिखाते हैं।वेदानुकूल हमारा समर्पण जितना भगवान में बढ़ता जाएगा,उतना ही हमारा जीवन उन्नति शील हो जाएगा।बिना तप के आनंद के सागर से वंचित रहेंगे।
व्यवस्था प्रमुख यमुना प्रसाद ने सत्संग की महिमा का बखान करते हुए कहा कि सत्संग जड़ता को दूर करता है।वाणी को सत्य से परिपूर्ण करता है।मन को चतुर्दिक उन्नत करता है।चित्त को प्रसन्न रखता है।सभी दिशाओं में यश फैलाता है।मनुष्य के साथ सब कुछ अच्छा करता है।सत्संग हमें सत्य से जोड़ता है।
हरदोई के जिला महामंत्री डॉ रविलाल ने बताया कि वह लोग धन्य हैं जो महापुरुषों के पदचिन्हों पर चल पड़े।उन्होंने कहा कि शिव सृष्टि का आधार हैं।शिवत्व की प्राप्ति से ही अमरत्व की प्राप्ति की जा सकती है।
प्रचारक प्रेम कुमार ने शिव नाम की महिमा बताई और कहा कि धर्मोत्सव लोगों की आस्था बढ़ाएगा।उनमें भक्ति भाव जागृत करने में सहायक होगा।लखीमपुर के जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद ने कहा कि वेदों,उपनिषदों, शास्त्रों के स्वाध्याय व ध्यान भजन से ही समग्र जीवन का कल्याण हो सकता है।डॉ राम अवतार ने दान का महत्व बताया।सुदामा देवी ने बताया कि शिव सत्संग मंडल परिवारों में खुशहाली ला रहा है।
संयोजक अम्बरीष कुमार सक्सेना के संचालन में हुए इस धर्मोत्सव की अध्यक्षता रामनिवास ने की।धर्मोत्सव का शुभारम्भ मंडल के रामकुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।सामूहिक ईश प्रार्थना सत्संगी श्रीकृष्ण ने कराई।भजनोपदेशक श्रीकृष्ण,रामचंद्र,तेजस्विनी, गीता, जसवीर,एस पी राठौर आदि ने प्रेरणादायी भजन सुनाए।समापन पर सभी सत्संगीजनों ने नाहर सिंह के माध्यम से आगामी 17 नवम्बर को कालागाड़ा में धर्मोत्सव आयोजित करने का शिव संकल्प लिया।सम्पूर्ण रात्रि हुए इस धार्मिक आयोजन में रामकुमार, देव सिंह,स्वामी दयाल ,कुलदीप राजपूत आदि ने खासा योगदान किया।