Bhaskar News Agency
Sep 30,2019
गुजरात (प्रियेश अग्निहोत्री 4658) गुजरात में एक भीषण सड़क हादसे में 21 लोगों के मारे जाने की खबर है। ये सड़क हादसा गुजरात के अंबाजी के पास हुआ। बनासकांठा जिले मेें अंबाजी मंदिर से लौटते समय एक बस अचानक खाई में गिर गई। इस हादसे में 21 लोगों के मारे जाने की खबर है। करीब 10 लोगों के घायल होने की आशंका है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक लग्जरी बस अंबाजी मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान अंबाजी के त्रिसुलिया घाट के रास्ते में बस अचानक खाई में गिर गई। इसमें 21 से अधिक लोगों की मौत हो गई। 10 लोग घायल हुए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बस में सवार ज्यादातर लोग नडियाड, आणंद और बोरसद के के रहने वाले थे। इस बस में करीब 65 से ज्यादा लोग सवार थे। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक त्रिशुलिया घाट के पास ड्राइवर के नियंत्रण खोने से बस खाई में गिर गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, बनासकांठा से एक दुखद खबर आई है। इस हादसे की खबर से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारजनों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन सभी को जल्द से जल्द मदद उपलब्ध कराए।
इसी प्रकार राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बनासकांठा में हुए हादसे पर दुख जताया है। रूपाणी ने लिखा, ‘त्रिशूला घाट के पास हुई सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि की खबर से दुखी हूं। प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रार्थना करता हूं कि जो इस हादसे में जख्मी हुए हैं, वह जल्द से जल्द स्वस्थ हों। मैं मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।