Bhaskar News Agency
Sep 01, 2019
वाराणसी- जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद से ही पाकिस्तान परमाणु हमले की धमकी देता है। इसके खिलाफ रविवार को काशी के मुस्लिम धर्मावलंबियों में गुस्सा नजर आया। मुस्लिमों काशी में सुभाष भवन इंद्रेश नगर से लमही मुख्य द्वार तक जनाजा-ए-पाकिस्तान निकाला। इस दौरान लोगों ने यूएन को लेटर लिखकर पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को जब्त करने की मांग की है। कहा कि, पाकिस्तान का परमाणु हथियार पूरी दुनिया के लिए खतरा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा- पाकिस्तान की वजह से मुस्लिमों से करते हैं लोग नफरत
- यह मार्च विशाल भारत संस्थान एवं मुस्लिम महिला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। पाकिस्तान की शव यात्रा में तिरंगे झंडे के साथ भारत माता की जय और वन्दे मातरम का जयघोष हो रहा था। डफली और ड्रम बजाकर दुनिया को परमाणु युद्ध के खतरे से आगाह कराते बच्चों ने यूएन से कहा कि बच्चों की सुनिए, पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगाइए। लोगों ने कहा कि, पाकिस्तान का परमाणु हथियार आतंकवादियों के हाथ में है। वह कभी भी इसका इस्तेमाल कर पूरी दुनिया को तृतीय विश्व युद्ध की आग में झोंक सकता है।
- विशाल भारत संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि जिसके दिलो दिमाग में आतंक ही धर्म के रूप में स्थापित हो गया हो, उनसे क्या बातचीत की जा सकती है? दुनिया के देश और यूनाइटेड नेशन अब पाकिस्तान के औचित्य पर विचार करे। वर्षों पहले नेहरू और जिन्ना की गलतियों ने पूरी दुनिया को एक आतंकी देश देकर मानवता के लिए खतरा उत्पन्न कर दिया। वक्त रहते पाकिस्तान पर लगाम नहीं लगाया गया तो पूरी दुनिया आतंक से तबाह हो जाएगी। आतंक की फैक्ट्री को बन्द कर परमाणु हथियार को नष्ट करे यूएन, तभी धरती, इंसान और इंसानियत बचेगी।
- कार्यक्रम में मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी ने कहा कि, मुस्लिम देश पाकिस्तान को बहिष्कृत करें, इनकी हज यात्रा पर रोक लगे, नहीं तो सऊदी अरब भी पाकिस्तान की वजह से धमाकों का शिकार होगा और पूरी दुनिया में बदनाम होगा। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पूर्वांचल प्रभारी मोहम्म अजहरूद्दीन ने कहा कि लोग मुसलमानों से पाकिस्तान की वजह से नफरत करते हैं। नेहरू और जिन्ना की गलतियों को सुधारकर लाहौर पर तिरंगा फहराने से ही अमन और शांति मिलेगी। मुस्लिम धर्मगुरू अफसर बाबा ने कहा कि पाकिस्तान एक शैतानी मुल्क है और इस शैतान को खत्म किए बिना अमन चैन बहाल नहीं हो सकता।