Bhaskar News Agency
Sep 10, 2019
मुंबई- अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने 5 महीने बाद ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उर्मिला ने मंगलवार को कहा, ”मेरी राजनीतिक और सामाजिक समझ बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए है, लेकिन मुंबई कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी के कारण मैं ऐसा कर नहीं पा रही हूं।” उर्मिला 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुई थी। उन्होंने उत्तर मुंबई सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा प्रत्याशी गोपाल शेट्टी से हार गई थीं।
उर्मिला ने इस्तीफे में लिखा, ”पहली बार मन में इस्तीफे का विचार तब आया था जब 16 मई को लिखे मेरे पत्र पर तत्कालीन मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने कोई एक्शन नहीं लिया। इसके बाद इस गोपनीय संवाद को बड़ी आसानी से मीडिया में लीक कर दिया गया। यह मेरे साथ छल था।” दरअसल, लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले उर्मिला ने खत में अपनी हार के लिए स्थानीय नेताओं पर उंगली उठाई थी। हार के लिए कमजोर रणनीति, कार्यकर्ताओं की अनदेखी और फंड की कमी को जिम्मेदार बताया था।