उत्तरप्रदेश कांग्रेस में हुआ बड़ा बदलाव, अजय कुमार लल्लू को दी गयी प्रदेश की कमान

Bhaskar News Agency

Oct 08, 2019

लखनऊ- उत्तरप्रदेश में कांग्रेस ने संगठन को मजबूती देने की शुरुआत कर दी है। पार्टी ने राजबब्बर के इस्तीफे के बाद प्रदेश की कमान अजय कुमार लल्लू को सौंप दी है। जबकि आराधना मिश्र ‘मोना’ को विधायक दल का नेता बनाया गया है। आराधना मिश्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। प्रदेश इकाई को भी नया रूप दिया गया है। इसमें 4 उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 24 सचिव, 18 सलाहकार परिषद समिति और 8 नेताओं को रणनीति एंव योजना मंडल में शामिल किया है।

नए अध्यक्ष की नियुक्ति संगठन पुनर्गठन का ही प्रयास माना जा रहा है। अजय कुमार कुशीनगर जिले की तमकुईराज विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक चुने गए थे। अजय को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का करीबी माना जाता है। लोकसभा चुनाव में हार के बाद राजबब्बर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। राजबब्बर आगरा के पास फतेहपुर सीकरी संसदीय सीट से चुनाव लड़े थे। प्रदेश में कांग्रेस को रायबरेली संसदीय क्षेत्र से ही जीत मिली थी।

क्या है प्रियंका गाँधी की रणनीति
पूर्वी उत्तरप्रदेश की कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी की कसौटी पर अजय कुमार लल्लू का नाम खरा उतरा। माना जा रहा है कि प्रियंका प्रदेश में नए अध्यक्ष के लिए वह नेता चाहती थीं, जो उत्तरप्रदेश में रहता हो। लोगों से उसका जीवंत रिश्ता हो। आमजन के बीच संघर्षों का भागीदार हो।