Bhaskar News Agency
Sep 27, 2019
हरदोई(लक्ष्मीकान्त पाठक) आर्यावत बैंक द्वारा क्षेत्रीय कार्यालय पर नराकास के तत्वाधान में राजभाषा प्रश्न प्रतियोगिता एवं राजभाषा विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नराकास समिति के अध्यक्ष बी0एन0 शुक्ला ने कीं। बैंक के क्षेत्रीय प्रबन्धक संजीव कुमार द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत आर्यावत बैंक के विपणन प्रबन्धक मो0 इमरान द्वारा कार्यक्रम का संक्षिप्त विवरण देते हुए संगोष्ठी के विषय ’’विपणन एवं हिन्दी’’ पर प्रकाश डाला तथा हिन्दी भाषा के प्रचार प्रसार हेतु किये जा रहे प्रयासों के विषय में जानकारी दी गयी।
मुख्य अतिथि बी0एन0 शुक्ला ने अपने उद्बोधन में हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हम उत्तर भारत में निवास करते है, और हमारी सामान्य बोलचाल की भाषा हिन्दी है परन्तु हमारे द्वारा कार्यालय के कामकाज में हिन्दी भाषा का प्रयोग कम किया जा रहा है। उन्होने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार एवं केन्द्र सरकार द्वारा किये गये समस्त पत्राचार हिन्दी भाषा मेे ही किये जाते है। अतः हम सभी को इससे प्रेरित होते हुए कार्यालय में अधिक से अधिक कार्य हिन्दी मेे करने चाहिए।
क्षेत्रीय प्रबन्धक संजीव कुमार ने अपने उद्बोधन में राजभाषा के प्रचार प्रसार हेतु किये जाने वाले क्रियाकलापों के विषय में जानकारी दी तथा अपने विचार व्यक्त किये। संगोष्ठी के विषय के सम्बन्ध में बताया कि सभी बैंक बीमा कम्पनियों एवं अन्य विभागों द्वारा अपनी सेवाओं व उत्पादों का विपणन हिन्दी में किये जाने की अपार सम्भावनाएं है। आज कम्प्यूटर एवं तकनीक के युग में भी मल्टीनेशनल कम्पनियां जैसे गूगल, अमेजन आदि हिन्दी भाषा की ओर रूख कर रहे है। जिसके परिणामस्वरूप उन्हे बड़ा बाजार एवं अधिक ग्राहक मिल रहे है। एवं उनका व्यवसायवर्धन हो रहा है। उन्होने बताया कि विपणन का पहला चरण ग्राहको से संवाद स्थापित करना होता है। जिसके लिए हिन्दी भाषा सरल एवं सर्वाधिक उपयुक्त माध्यम है। अतः हम सभी को अपने संस्थाओं के उत्पादों एवं सेवाओं के विपणन हेतु हिन्दी का प्रयोग करना चाहिए। इस कार्यक्रम में राजभाषा प्रश्न प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिससे उपस्थित सभी प्रतिभागियो द्वारा भाग लिया गया।
इस कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक आॅफ इण्डिया, इण्डियन बैंक, यूनियन बैंक, आरसेटी, भारतीय जीवन बीमा निगम, ओरिएन्टल इन्श्योरेन्स, यूनाइटेड इन्श्योरेन्स, केन्द्रीय विद्यालय एवं आर्यावत बैंक के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा भाग लिया गया।