आम आदमी पार्टी में मतभेद, सुनाम के विधायक ने लिखा प्रदेशाध्यक्ष को पत्र

Bhaskar News Agency

Sep 08, 2019

संगरूर- पंजाब में आम आदमी पार्टी की अंदरूनी कलह बढ़ती जा रही है। सुनाम से विधायक अमन अरोड़ा ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम लेकर जसबीर सिंह बीर की ओर से उनके खिलाफ किए जा रहे गलत प्रचार की जांच की मांग की है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान को पत्र लिखा है।

सूत्रों की मानें तो पार्टी के कुछ नेता महसूस कर रहे हैं कि अमन अरोड़ा पूर्व विरोधी पक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा के रास्ते पर चलकर अपने स्तर पर गतिविधियां कर रहे हैं। पार्टी की गतिविधियां विरोधी पक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा की रिहायश से चल रही हैं। पार्टी प्रधान को लिखे पत्र में अमन अरोड़ा ने कहा है कि वह साथी विधायकों कुलतार सिंह संधवां, कुलवंत सिंह पंडोरी और पार्टी के वक्ता नील गर्ग के साथ अकाली नेता की तरफ से पार्टी पर लगाए गए गलत आरोपों के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, लेकिन दूसरी तरफ अपने आप को पार्टी की अनुशासन समिति का मेंबर कहने वाले जसबीर सिंह बीर की तरफ से दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम लेकर अमन को पार्टी का अनुशासन भंग करने के आरोपों से संबंधित खबरें जारी की गई गई हैं।